‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन को पहुंचे राजधानी
लखनऊ। फिल्म अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। दोनों कलाकारों की मुलाकात मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर हुई। इस दौरान फिल्म ‘बंटवारा 1947’ और लखनऊ से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई। सनी देओल और प्रीति जिंटा अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के सिलसिले में लखनऊ पहुंचे हैं। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
रूमी गेट पर तांगे की सवारी
लखनऊ पहुंचने के बाद दोनों कलाकारों ने शहर की ऐतिहासिक पहचान रूमी गेट का भी रुख किया। यहां सनी देओल और प्रीति जिंटा ने तांगे की सवारी की और लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत का अनुभव लिया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान फिल्म से जुड़े विषयों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और लखनऊ की संस्कृति, इतिहास तथा फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। फिल्म कलाकारों की मुख्यमंत्री से मुलाकात को प्रदेश में फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है।

14 अगस्त को रिलीज होगी ‘बंटवारा 1947’
सनी देओल और प्रीति जिंटा की यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले रिलीज हो रही फिल्म में 1947 के विभाजन और उस दौर से जुड़े घटनाक्रम की पृष्ठभूमि दिखाई गई है। लंबे समय बाद सनी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।







































