लखनऊ। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने सऊदी अरब में हज 2027 के दौरान भारतीय हज यात्रियों की सहायता और सुविधा के लिए राज्य हज इंस्पेक्टर की तैनाती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक पात्र अभ्यर्थी 13 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
50 वर्ष से कम आयु वाले सरकारी कर्मचारी कर सकेंगे आवेदन
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक तथा केंद्र या राज्य सरकार के स्थायी कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की आयु 13 अगस्त 2026 को 50 वर्ष से कम होनी चाहिए। आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। अंग्रेजी, उर्दू, हिंदी, स्थानीय भाषा और अरबी भाषा का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। आवेदक का केंद्र या राज्य सरकार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल/अर्द्धसैनिक बल, संवैधानिक संस्था अथवा केंद्र/राज्य सरकार के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम में कार्यरत होना आवश्यक है। हालांकि ग्रुप-ए/क्लास-1 अथवा सातवें वेतन आयोग के अनुसार पे-लेवल-10 या उससे अधिक तथा राज्य सरकार में इसके समकक्ष पद के अधिकारी/कर्मचारी आवेदन के पात्र नहीं होंगे। अभ्यर्थी का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना, कंप्यूटर का पर्याप्त ज्ञान तथा हज सुविधा एप की जानकारी होना भी आवश्यक है। इसके साथ ही हज के अरकान की जानकारी और बड़ी सभाओं को संबोधित कर यात्रियों का प्रभावी मार्गदर्शन करने की क्षमता अपेक्षित है।
6 सितंबर को होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
हज कमेटी के अनुसार प्रत्येक 135 हज यात्रियों के समूह पर एक राज्य हज इंस्पेक्टर तैनात किया जाएगा। प्रतिनियुक्ति की अवधि लगभग दो महीने की होगी, जो 3 अप्रैल 2027 से 25 जून 2027 के बीच रहेगी। इस दौरान इंस्पेक्टर को ड्यूटी पर तैनात माना जाएगा और उन्हें मूल विभाग से वेतन एवं भत्ते मिलते रहेंगे। राज्य हज इंस्पेक्टर के चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 6 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 8 से 16 सितंबर 2026 के बीच साक्षात्कार होगा। दो दिवसीय प्रशिक्षण अक्टूबर 2026 के दूसरे सप्ताह में मुंबई में संभावित है। चयन 170 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा और 30 अंकों के साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण, यानी कुल 200 अंकों की संयुक्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
पासपोर्ट की वैधता जरूरी
आवेदक के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट होना अनिवार्य है। इसके अलावा ऐसे अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सकेंगे, जिन्होंने खादिमुल हुज्जाज या राज्य हज इंस्पेक्टर के रूप में तीन बार या उससे अधिक सेवा की हो। कुल सीटों में 25 प्रतिशत उन अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित होंगी, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में राज्य हज इंस्पेक्टर/हज प्रतिनियुक्ति के दौरान अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। 20 प्रतिशत सीटें उन आवेदकों के लिए होंगी, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में हज किया हो। 5 प्रतिशत सीटें पात्र हज कमेटी और वक्फ बोर्ड के स्थायी कर्मचारियों के लिए तथा 50 प्रतिशत सीटें सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए खुली रहेंगी। आवेदन करते समय नियोक्ता से प्राप्त अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) अपलोड करना होगा। यदि आवेदन के समय एनओसी उपलब्ध नहीं है तो निर्धारित अंडरटेकिंग अपलोड करनी होगी और साक्षात्कार के समय एनओसी प्रस्तुत करने का वचन देना होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर-07, दिनांक 11 अगस्त 2026 का विस्तृत अध्ययन करने की सलाह दी गई है। सभी आवश्यक दस्तावेज आवेदन के समय अपलोड करना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन आवेदन के तुरंत बाद उसकी हार्ड कॉपी भी संबंधित कार्यालय में डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध करानी होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि: 27 अगस्त 2026
आधिकारिक वेबसाइट: hajcommittee.gov.in







































