बोले-दंगा कराने की धमकी देने वालों से कहता हूं, आओ बच्चू
706 करोड़ की 194 परियोजनाओं की दी सौगात
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर दौरे के दौरान 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और रोजगार के मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। उन्होंने कहा कि अगर कोई दंगा कराने की धमकी देता है तो मैं कहता हूं, आओ बच्चू… दंगा कराकर देख लो। उन्होंने दावा किया कि पहले दंगाइयों को संरक्षण मिलता था, जबकि अब अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश में गुंडागर्दी, अवैध वसूली और दंगे आम बात थे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में नौकरियों में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद हावी था तथा थानों और तहसीलों तक राजनीतिक हस्तक्षेप रहता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की दिशा में आगे बढ़ चुका है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और चेक भी वितरित किए।
जल्द आएगी नई युवा नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई युवा नीति लाएगी, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर प्रत्येक जिले में एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से जुड़ेगा अंबेडकरनगर
सीएम योगी ने कहा कि नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के तहत सिद्धार्थनगर के बांसी से बस्ती होते हुए प्रयागराज तक सड़क संपर्क विकसित किया जा रहा है। भविष्य में इस कॉरिडोर को चित्रकूट के रास्ते दक्षिण भारत तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे अंबेडकरनगर को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
गोविंद साहब धाम मेले को मिलेगी राजकीय मान्यता

मुख्यमंत्री ने गोविंद साहब धाम में आयोजित होने वाले माघ मेले को राजकीय मेले के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार मेले को बेहतर सुविधाओं और राजकीय परंपरा से जोड़ने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजनाओं और मुख्यमंत्री राहत कोष जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।





































