लखनऊ/अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अम्बेडकरनगर के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वह आलापुर तहसील के रामनगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब से जिले को 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 158 परियोजनाओं का लोकार्पण और 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के जरिए टांडा, आलापुर और जलालपुर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत, पर्यटन, लोक निर्माण और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं को गति मिलेगी। सरकार का दावा है कि इन कार्यों से बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
परियोजनाओं में टांडा विधानसभा क्षेत्र के लिए 217.69 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाएं, आलापुर के लिए 312.18 करोड़ रुपये की 75 परियोजनाएं तथा जलालपुर के लिए 176.93 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाएं शामिल हैं। कुल 560.83 करोड़ रुपये की 158 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा, जबकि 145.98 करोड़ रुपये की 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।
वहीं, जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर ईशा प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अम्बेडकरनगर दौरा शुक्रवार को प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे बाबा गोविंद साहब मैदान पहुंचेंगे, जहां वह 706.81 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री शाम 4:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए ताकि आम नागरिकों और लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।






































