नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या राज के निधन की बात उनके परिजनों ने एक महीने बाद बताई। जी हाँ, यह सुनकर आप भी चौक जायेंगे लेकिन अभिनेत्री अनन्या ने पिछले माह 15 जुलाई की सुबह नींद में ही अंतिम सांस ले ली थी। परिवार के लोगों ने 16 अगस्त को अनन्या के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनके निधन की जानकारी साझा की।
परिवार के मुताबिक, अनन्या पिछले एक साल से शारीरिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रही थीं। परिवार ने अपने भावुक संदेश में कहा कि उन्होंने इन मुश्किलों से उबरने के लिए “एक योद्धा की तरह” संघर्ष किया। परिवार ने उन्हें मजबूत हौसले वाली लड़की बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। साथ ही परिवार ने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से इस मुश्किल समय में निजता बनाए रखने की अपील की है। अनन्या राज के अचानक निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों और मनोरंजन जगत को स्तब्ध कर दिया है। कम उम्र में उनका जाना एक ऐसी फिल्मी यात्रा का अचानक अंत है, जिसमें उन्होंने हिंदी और क्षेत्रीय सिनेमा के साथ-साथ म्यूजिक वीडियो में भी अपनी पहचान बनाने की कोशिश की थी।
एक महीने तक क्यों छिपाई यह खबर?
अनन्या के परिवार के अनुसार, वे इस कठिन समय में निजी तौर पर शोक मनाना चाहते थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अनन्या राज के निधन पर All Indian Cine Workers Association (AICWA) ने भी शोक व्यक्त किया। फिल्म संस्था ने उनके निधन को फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके काम और योगदान को याद किया। AICWA के अनुसार, अनन्या का काम और उनकी यादें भारतीय फिल्म जगत में बनी रहेंगी। अनन्या राज ने हिंदी सिनेमा में 7 Hours to Go (2016) से अपनी पहचान बनानी शुरू की। इसके बाद वह The Final Exit (2017) में नजर आईं। वर्ष 2019 में आई फिल्म Ghost में काम करने के बाद उन्हें दर्शकों के बीच ज्यादा पहचान मिली। अनन्या ने तेलुगु फिल्म Thaggede Le (2022) में भी अभिनय किया। इसके अलावा वह त्रिभाषी फिल्म Madrasi Gang से भी जुड़ी थीं।






































