अंबेडकरनगर। 21 जुलाई, 2024
उत्तर प्रदेश के सरकारी संस्थान किछौछा नगर पंचायत के मीटिंग हाल/सभागार में बिना सक्षम अधिकारी के निर्देश पर एक वरिष्ठ लिपिक के द्वारा कार्यदिवस में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में केक काट कर जन्म दिवस समारोह मनाना काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कुप्रथा पर लगाम कसने वाला कोई ढूंढे नहीं मिल रहा है। कार्यदिवस के दौरान समारोहपूर्वक वरिष्ठ लिपिक के जन्म दिवस कार्यक्रम के आयोजन से नगर पंचायत कार्यालय की काफी किरकिरी भी हो रही है।
खास बात यह है कि अंबेडकरनगर जिले के किछौछा नगर पंचायत कार्यालय से मात्र 3 किमी की दूरी पर बसखारी कस्बे में नगर पंचायत में तैनात वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव का आवास है। अभी हाल ही में वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव ने किछौछा नगर पंचायत कार्यालय के मीटिंग हाल/सभागार समारोहपूर्वक अपना जन्मदिवस का कार्यक्रम मनाया था। जन्मदिन मनाने के लिए सभागार के मेज पर एक बड़ा केक रखा गया था और सभागार को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव ने जैसे ही अपने जन्मदिवस का केक काटा, नगर पंचायत के अन्य साथी कर्मचारी व लोगों ने तालियां बजा कर वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव का उत्साह वर्धन किया। उत्साह वर्धन करने वालों में नगर पंचायत की कुछ महिला कर्मचारी भी शामिल थीं। जो पुरूष कर्मचारियों की तरह तालियां बजा कर वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव के जन्मदिन की खुशियां साझा कर रहीं थीं। अब लाख टके का सवाल है कि उत्तर प्रदेश के एक सरकारी संस्थान में बिना सक्षम अधिकारी के निर्देश के वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव ने अपना जन्मदिन कैसे मना लिया ?
इलाकाई जनता की तरफ से यह मांग उठ रही है कि सरकारी संस्थान में कार्यदिवस के दौरान समारोहपूर्वक जन्मदिन का केक काटकर खुशियां मनाने वाला वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव के खिलाफ विभागीय/विधिक कार्यवाई की जाए।