
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा की दिवाली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने अभिनेत्री के वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई है। विवाद इतना बढ़ा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से दीया मिर्जा का वीडियो हटाना पड़ा। अब सवाल उठ रहा है कि पर्यावरण संरक्षण के नाम पर की गई इस अपील को राजनीतिक रंग क्यों दिया जा रहा है और क्या इस पूरे विवाद के पीछे पब्लिसिटी का कोई एंगल भी है?
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए BMC ने प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया था। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे समेत कई चर्चित हस्तियों को शामिल किया गया था। इसी अभियान के तहत दीया मिर्जा ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से दिवाली पर पटाखे न जलाने और ध्वनि एवं वायु प्रदूषण से बचने की अपील की थी।
BJP नेताओं ने क्यों जताई नाराजगी?
दीया मिर्जा की अपील पर मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमीत साटम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं। इसके बाद मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने भी अभिनेत्री पर निशाना साधा। कुछ बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया कि दीया मिर्जा अन्य धार्मिक त्योहारों के दौरान इसी तरह की अपील क्यों नहीं करतीं।
BJP के विरोध के बाद BMC ने हटाया वीडियो
बीजेपी नेताओं की आपत्ति के कुछ ही घंटों बाद BMC ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया। हालांकि, इसी अभियान में शामिल माधुरी दीक्षित, अजिंक्य रहाणे और अन्य हस्तियों के वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद रहे। इस दोहरे रवैये को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि अभियान का उद्देश्य प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करना था, न कि किसी धार्मिक परंपरा पर टिप्पणी करना।
दीया मिर्जा ने भी दिया जवाब, बोलीं- पैसे नहीं लिए
वीडियो हटाए जाने और विवाद बढ़ने के बाद दीया मिर्जा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने इस अभियान के लिए कोई पैसा नहीं लिया। अभिनेत्री ने कहा कि वायु प्रदूषण सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है और इसे कम करने की हर कोशिश का स्वागत होना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बॉम्बे हाईकोर्ट और BMC की पहल पर जनहित में रिकॉर्ड किए गए वीडियो को लेकर इतना विवाद क्यों हो रहा है।
पब्लिसिटी स्टंट या पर्यावरण संरक्षण की पहल?
इस पूरे घटनाक्रम ने एक नई बहस छेड़ दी है। क्या पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अपील को भी अब राजनीतिक चश्मे से देखा जाएगा? या फिर इस विवाद ने अभिनेत्री दीया मिर्जा को अनावश्यक रूप से राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है? फिलहाल, दीया मिर्जा की ओर से पब्लिसिटी के लिए ऐसा किए जाने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। अभिनेत्री ने अपनी अपील को जनहित और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा बताया है। वहीं, बीजेपी नेताओं की आपत्ति के बाद BMC द्वारा वीडियो हटाए जाने का फैसला भी सवालों के घेरे में है।








































