अंबेडकरनगर। 27 फरवरी, 2022
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को अंबेडकरनगर में एक दिवसीय चुनावी दौरे पर आ रहे हैं। जिले के कई स्थानों पर होने वाली चुनावी जनसभा में श्री यादव एसपी विधायक प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे।
सबसे पहले सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एनडी इंटर कालेज जलालपुर में आएंगे और यहां एसपी प्रत्याशी राकेश पांडेय के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे वे यहां से प्रस्थान कर जाएंगे। दोपहर 12.20 बजे महामाया इंजीनियरिंग कालेज के बगल शिवबाबा में विधानसभा अकबरपुर व कटेहरी के सपा प्रत्याशी क्रमशः रामअचल राजभर व लालजी वर्मा के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वे यहां से दोपहर 1 बजे प्रस्थान करेंगे।
दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का रामलीला मैदान हंसवर में आगमन होगा। हंसवर में टांडा के विस सीट के प्रत्याशी राममूर्ति वर्मा व आलापुर के प्रत्याशी त्रिभुवन दत्त के लिए जनसभा को संबोधित करेंगे। रामलीला मैदान हंसवर से दोपहर 2 बजे हथियागढ़ पॉलीटेक्निक बस्ती के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां विधानसभा हरैया, कप्तानगंज, महादेवा, बस्ती सदर व रूधौली समेत पांचों के विधानसभा के प्रत्याशियों के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। अंबेडकरनगर सपा जिलाध्यक्ष रामशकल यादव ने यह जानकारी दी।
