अंबेडकरनगर। 20 अगस्त, 2023
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त किछौछा दरगाह में मंगलवार को बुजुर्ग रियाज अहमद की 40 वीं बरसी ( पुण्यतिथि ) मनायी गई। सालाना बरसी के मद्देनजर भव्य जलसे का आयोजन हुआ। इस दौरान बुजुर्ग रियाज अहमद को खेराजे अकीदत ( श्रद्धांजलि ) पेश किया गया। विशेष दुआओं के साथ जलसे का समापन हुआ। इस मौके पर दरगाह में आए हुए जायरीनों में लंगर का भी वितरण हुआ।
कुरआन पाक की तिलावत से जलसे की शुरुआत हुई। नदीम सिकंदरपुरी, जमशेद, अली रजा फैजी समेत अन्य नातखांओं ने खुदा की शान में हम्द, नबी की शान में नातिया कलाम पेश किया। नातखांओं के अशआर ( पंतियां ) लबों को छूकर सीधे रूह तक उतरते चले गए। मुख्य वक्ता के रूप में जामे अशरफ के प्रधानाचार्य मौलाना अब्दुल खालिक व मुफ्ती मौलाना रिजवान अशरफी जामई समेत अन्य वक्ताओं ने बहुत उम्दा तकरीरें करके वाहवाहियां लूटीं। जलसे में मदरसा जामे अशरफ व मदरसा मखदूम अशरफ समेत कई मदरसों के सैकड़ों छात्रों ने सहभागिता की। जलसे के दौरान बुजुर्ग रियाज अहमद का खेराजे अकीतदत पेश किया गया। उनके जानशीन फैजान खान के लिए और बरसी में मौजूद सभी लोगों के लिए विशेष दुआएं मांगी गई। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता मेराजुद्दीन किछौछवी, खलीक अशरफ, जेया अंसारी, अब्दुल माबूद एडवोकेट, तालिब, शाद सिद्दीकी, मशकूर अहमद, डा. दीपक मौर्य ( आर्थो ), रईस खां, दबीर अहमद शाह, संदीप यादव, संदीप वर्मा, राजेश गुप्ता, सै. इंतेखाब आलम, शाह आलम, दस्तगीर अहमद, सईद मुजाविर समेत अन्य लोग मुख्य रूप मौजूद रहे।







































