अंबेडकरनगर। 16 अप्रैल, 2025
संविधान निर्माता भारत रत्न डा. डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के मद्देनजर बसखारी में निकली शोभा यात्रा ने देश की राष्ट्रीय एकता, अखंडता व धर्मनिरपेक्षता का संदेश दिया। इस शोभायात्रा के दौरान स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस समेत राष्ट्रीय पर्व जैसा माहौल देखा गया।
बौद्ध नगर से जय भीम चेतना समिति की अगुआई में भांगड़ा, डीजे व हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शाम लगभग 6 बजे विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बाबा साहब की प्रतिमा के साथ भगवान गौतम बुद्ध ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, फातिमा शेख संविधान की प्रतिमा का चित्रण किया गया। अंबेडकर जयंती की शोभायात्रा में जिले के सांसद लालजी वर्मा, टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा, पूर्व एमएलसी अतहर खा, सै. फैजान अशरफ चांद, सै. खलीक अशरफ, बृजेंद्र यादव, संजय कुमार, पूर्व जिपं सदस्य राजमन भारती, रिंका गौतम, आले मुस्तफा छोटे बाबू, मक्कू वैद्य, निरंजन कुमार, विनोद कुमार, आनंद यादव, शिवम गुप्ता, संतोष यादव सहित अन्य लोग शामिल रहे। खास बात यह है कि शोभायात्रा के दौरान लोगों ने पुष्प् वर्षा करके सपा सांसद लालजी वर्मा का स्वागत किया।
नारों व डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। अंबेडकर जयंती के अवसर पर बसखारी नगर में नगर वासियों द्वारा जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई थी। शोभायात्रा के दौरान सांसद लालजी वर्मा, विधायक टांडा राममूर्ति वर्मा, पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा समेत अन्य लोग गले में नीला गमछा लगा कर चल रहे थे। शोभा यात्रा पूर्वी चौराहे पर पहुंचने पर युवाओं ने अंबेडकर चौक पर डॉक्टर अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। इसके बाद शोभायात्रा दोनों हाईवे से होते हुए वापस जहांगीरगंज रोड से बसखारी थाने पर पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा का समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था में एसीएम टांडा डॉ. शशि शेखर, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी विशाल पांडेय, सीओ सिटी देवेंद्र कुमार, बसखारी निरीक्षक संत कुमार सिंह, बेवाना निरीक्षक राजेश सिंह, जैतपुर थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि, निरीक्षक राजकुमार वर्मा समेत भारी संख्या में पुलिस पीएससी के जवान मौजूद रहे।
