अंबेडकरनगर। 13 अक्तूबर, 2024
बसखारी थाना पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार करने का दावा किया है। तस्कर के कब्जे से 15 लाख रुपए की अवैध स्मैक भी बरामद की गई है। गिरफ्तार स्मैक तस्कर को रविवार सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
बसखारी थाना प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार रात 11.15 बजे उनकी अगुआई में उपनिरीक्षक प्रेम बहादुर यादव, उपनिरीक्षक अनुराग गौतम, हेड कांस्टेबल आशुतोष कुमार, कांस्टेबल रविश यादव समेत पुलिस टीम दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन ड्यूटी, देखभाल क्षेत्र, रोकथाम जुर्म-जरायम, चेकिंग संदिग्ध वस्तु-वाहन, व्यक्ति में मामूर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बसखारी सब्जी मंडी नहर से करीब 100 मीटर की दूरी पर अवैध स्मैक की बिक्री कर रहा है। तत्पशचात् पुलिस टीम वहां पर पहुंची और घेराबदीं करके उस व्यक्ति को दबोच लिया गया। घेराबंदी करके पुलिस टीम के हत्थे चढ़ा स्मैक तस्कर का नाम रवि सिंह ( 20 वर्ष ) पुत्र सुरेश सिंह निवासी गन्नीपुर तिगोड़िया थाना बसखारी है।
स्मैक तस्कर को रंगे हाथों दबोचे जाने के बाद राजपत्रित अधिकारी तहसीलदार टांडा संतोष कुमार सूचना पर मौके पर पहुंचे। तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस टीम ने स्मैक बेचने का आरोपी रवि सिंह की जामा तलाशी ली गई। रवि की जींस पैंट के दाहिने पाकिट से एक सफेद पारदर्शी पन्नी में भूरे रंग का अवैध स्मैक पाउडर बराबद किया गया। इलेक्ट्रानिक तराजू में तौले जाने पर बरामद स्मैक का वजन 15.10 ग्राम था। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई गई है। रवि के पैंट के पिछले जेब से पुलिस टीम ने 500 के एक नोट, 100 के चार नोट व 10 रुपए के एक नोट समेत कुल 910 रुपए बरामद किया। बसखारी थाना प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार स्मैक तस्कर रवि सिंह को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी श्री सिंह ने यह भी बताया कि गिरफ्तार किया गया स्मैक तस्कर रवि सिंह को अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने 2022 में आर्म्स एक्ट व डकैती व चोरी की संपत्ति को गलत तरीके से हासिल करने के मामले में जेल भी भेज चुकी है। बताया जाता है कि रवि के ऊपर गैर जनपद में भी पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
