नई दिल्ली। 22 अप्रैल, 2025 ( संघ लोक सेवा आयोग के हवाले से )
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा सितंबर, 2024 में आयोजित सिविल सेवा परीक्षा, 2024 के लिखित भाग और जनवरी-अप्रैल, 2025 में व्यक्तित्व परीक्षण के साक्षात्कारों के आधार पर निम्नलिखित पदों पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित उम्मीदवारों की सूची योग्यता क्रम में निम्न अनुसार हैः
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई), 2024 का अंतिम परिणाम आज, 22 अप्रैल, 2025 को घोषित कर दिया गया है।
परिणाम के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैंः
सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2024 16 जून, 2024 को आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए कुल 9,92,599 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,83,213 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।
इनमें कुल 14,627 उम्मीदवार लिखित (मुख्य) परीक्षा में सम्मिलित होने की अर्हता प्राप्त कर पाए, जो सितंबर, 2024 में आयोजित की गई। इनमें से 2,845 अभ्यर्थी परीक्षा के व्यक्तित्व परीक्षण की अर्हता प्राप्त करने में सफल रहे।
अंततः, आयोग द्वारा विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए कुल 1009 अभ्यर्थियों (725 पुरुष और 284 महिलाएं) की अनुशंसा की गई है।
अंतिम रूप से उत्तीर्ण उम्मीदवारों में शीर्ष पांच में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। सुश्री शक्ति दुबे (रोल नंबर 0240782) ने सिविल सेवा परीक्षा, 2024 में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक (बी.एससी.) की उपाधि प्राप्त की है।
एमएस यूनिवर्सिटी बड़ौदा से (बी.कॉम.) स्नातक सुश्री हर्षिता गोयल (रोल नंबर 0101571) ने वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
डोंगरे अर्चित पराग (रोल नं. 0867282), वीआईटी, वेल्लोर से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में (बी.टेक.) स्नातक वैकल्पिक विषय दर्शनशास्त्र के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं।
गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग करने वाली सुश्री शाह मार्गी चिराग (रोल नंबर 0108110) ने समाजशास्त्र वैकल्पिक विषय लेकर लेकर चौथा स्थान हासिल किया।
आकाश गर्ग (रोल नं. 0833621), गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली से कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग में बी.टेक., ने वैकल्पिक विषय समाजशास्त्र के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
सिविल सेवा परीक्षा 2024 में चयनित शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता देश के प्रमुख संस्थानों जैसे आईआईटी, एनआईटी, वीआईटी, जेएनयू, दिल्ली विश्वविद्यालय और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, चिकित्सा विज्ञान और वास्तुकला में डिग्री हासिल की है।
शीर्ष 25 सफल उम्मीदवारों ने लिखित (मुख्य) परीक्षा में विभिन्न वैकल्पिक विषयों का चयन किया, जिनमें मानव विज्ञान, वाणिज्य और लेखाशास्त्र, भूगोल, गणित, दर्शनशास्त्र, भौतिक विज्ञान, राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध, लोक प्रशासन, समाजशास्त्र और तमिल भाषा साहित्य शामिल हैं।
अनुशंसित उम्मीदवारों में 45 बेंचमार्क दिव्यांगता वाले अभ्यर्थी हैं, जिनमें 12 अस्थि दिव्यांग, 08 दृष्टि बाधित, 16 श्रवण बाधित और 09 बहु दिव्यांग शामिल हैं।