मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को

लखनऊ। मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 सौंदर्य प्रतियोगिता अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है। 23 को आयोजित होने वाले सौंदर्य स्पर्धा का ग्रैंड फिनाले में देश के अलग-अलग राज्यों से आई 51 फाइनलिस्ट शामिल हैं, जो वर्तमान मिस यूनिवर्स इंडिया मनिका विश्वकर्मा की उत्तराधिकारी बनने के लिए मंच पर अपना जलवा बिखेरेंगी।

तेजस्विनी ने जीता स्विमसूट राउंड
ग्रैंड फिनाले से पहले प्रतियोगियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। हाल ही में 29 जुलाई को आयोजित की गई स्विमसूट प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव ने अपनी बेहतरीन फिटनेस और आत्मविश्वास के दम पर ‘बेस्ट इन स्विमसूट’ का खिताब अपने नाम कर लिया। इस राउंड में काजिया मेजो और दीपाली रिया क्रमशः पहले और दूसरे रनर-अप के रूप में उपविजेता रहीं। इस जीत के बात तेजस्विनी ने कहा कि यह जीत मेरे लिए सिर्फ एक खिताब नहीं, बल्कि मेरे कड़े परिश्रम और खुद पर विश्वास की जीत है। रैंप पर उतरना केवल सुंदरता का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह अपने आत्मविश्वास और ग्रैस को दुनिया के सामने रखने का जरिया है। यह तो बस एक शुरुआत है, मेरा असली लक्ष्य 23 अगस्त को मिस यूनिवर्स इंडिया का मुख्य ताज जीतना है। वहीं फर्स्ट रनर-अप काजिया मेजो ने दावा किया है कि इस राउंड से मिले अनुभव को मैं ग्रैंड फिनाले में अपनी जीत का आधार बनाऊंगी। सेकंड रनर-अप दीपाली रिया भी आने वाले फाइनल राउंड्स के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ग्लोबल स्टेज पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की होड़
इस साल की प्रतियोगिता को लेकर दर्शकों और फैशन इंडस्ट्री में भारी उत्साह है। सभी 51 फाइनलिस्ट इस समय कड़े ट्रेनिंग सेशन, ग्रूमिंग क्लासेस और प्रारंभिक राउंड्स से गुजर रही हैं। 23 अगस्त की रात को विजेता के नाम की घोषणा की जाएगी, जिसे न केवल मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज मिलेगा, बल्कि वह मिस यूनिवर्स के वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व भी करेगी।




































