अंबेडकरनगर। 12 नवंबर, 2026
अगहन मेला में किछौछा दरगाह में आए एक जायरीन व्यक्ति के साथ कथित रूप से मारपीट कर घायल करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो में एक युवक किछौछा दरगाह समेत अन्य दरगाहों/स्थानों पर सावधानीपूर्वक जाने की अपील कर रहा है।
सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो के अनुसार अगहन मेले में आए एक व्यक्ति की कथित रूप से मंगलवार रात में किछौछा नगर पंचायत तिराहे के पास मारपीट की गई। वीडियो में एक अन्य जायरीन युवक बता रहा है कि श्रावस्ती जिले के एक जायरीन व्यक्ति के साथ गन्ना बेचने वाले पांच से छह की संख्या में स्थानीय युवकों ने पिटाई करके उसका सिर फोड़ दिया है। वीडियों में कुछ पुलिसकर्मी एक ई-रिक्शा में मारपीट करने वाले कुछ स्थनीय युवकों को बिठा कर कहीं ले जाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। बुधवार व गुरुवार को सोशल मीडिया पर इस कथित घटना का वीडियो बहुत तेजी से वायरल होता रहा। उधर, बसखारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि झगड़ा होने की सूचना मिली थी लेकिन कोई तहरीर नहीं मिली है। खास बात यह है कि बसखारी थाना परिसर में अभी हाल ही में एसपी प्राची सिंह ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया था। किछौछा नगर पंचायत कार्यालय में भी सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित है। सीसीटीवी का परीक्षण कराने से ही सही तथ्य की जानकारी हासिल हो पाएगी। फिलहाल न्यूज फ्लोर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।






































