अंबेडकरनगर। 22 मई, 2026
इंटरनेशनल फेम की किछौछा दरगाह में प्रसिद्ध सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ के 640 वें सालाना उर्स मेला और 16 जून से शुरू होने जा रहे मोहर्रम मेला के मद्देनजर प्रबंधकीय व्यवस्था के संचालन के लिए एक अस्थाई प्रबंध समिति का गठन किया गया है। दरगाह के सज्जादानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ अशरफीउल जिलानी ने 7 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी में मौलाना सै. अजीज अशरफ को खास जिम्मेदारी मिली है।
किछौछा दरगाह के सज्जादानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ अशरफीउल जिलानी के तरफ से प्रबंधकीय व्यवस्था के संचालन के लिए एक पत्र भी जारी किया गया है। उनके तरफ से जारी पत्र यह कहा गया है कि वर्तमान समय में कोई स्थायी प्रबंधन समिति नहीं है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव दरगाह की आंतरिक व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है। ऐसे में दरगाह किछौछा शरीफ की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए एक अस्थाई प्रबंध समिति का गठन किया जा रहा है। सै. फैजान अहमद चांद, मौलाना सै. अजीज अशरफ, सै. यहिया अशरफ ( बसखारी ), फहद अशरफ, सै. यहिया अशरफ ( किछौछा ), सै. शहाबुद्दीन अशरफ ( किछौछा ) समेत 6 लोगों को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा सेराज अशरफ को दफ्तर इंचार्ज बनाया गया है।
खास बात यह है कि सात सदस्यीय कमेटी में अन्य सदस्यों की अपेक्षा मौलाना सै. अजीज अशरफ को सज्जादानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ अशरफीउल जिलानी ने विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। सज्जादानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ के द्वारा जारी पत्र में यह अपेक्षा की गई है कि मौलाना सै. अजीज अशरफ सक्रिय रहते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाएं जिससे आने वाले देश भर के श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एक चैंकाऊं तथ्य यह है कि इस 7 सदस्यीय प्रबंध समिति में सै. खलीक अशरफ को कोई जगह नहीं मिली है।









































