अंबेडकरनगर। 28 अक्तूबर, 2025
लोक आस्था का महान पर्व छठ किछौछा नगर पंचायत क्षेत्र में समारोह पूर्वक सम्पन्न हुआ। मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय पर्व का समापन हो गया।
नगर पंचायत प्रशासन ने छठ पर्व को देखते हुए तीन छठ घाटों पर व्यापक प्रबंध किए थे। वासुदेव नगर वार्ड में कल्प सरोवर में, बीबी बिलाई मार्ग पर तालाब तथा बसखारी सब्जी मंडी स्थित सम्मो माता मंदिर के निकट एक कृत्रिम जलाशय पर घाट बनाया गया था। नगर पंचायत प्रशासन ने सभी घाटों पर साफ सफाई, प्रकाश, शुद्ध जल के साथ प्रसाद वितरण के भी प्रबंध किए थे। वासुदेव नगर स्थित कल्प सरोवर पर नगर पंचायत में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे के प्रतिनिधि महेंद्र जायसवाल ने व्रतियों के बीच प्रसाद का वितरण किया। नगर पंचायत के ईओ संजय जैसवार व प्रधान लिपिक अभिषेक यादव की अगुवाई में नगर पंचायत के दर्जनों कर्मचारी, श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे। समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रभान गुप्ता पूर्व सभासद राम दर्श निषाद समेत भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

उधर, संत कमला बाबा ब्रह्मदेव स्थान पर स्थानीय तालाब के घाटों पर संत श्री कमला ब्रह्मदेव मंदिर ट्रस्ट” के तत्वाधान में छठ पूजा के मद्देनजर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। बसखारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने मय पुलिस फोर्स के साथ थाना क्षेत्र के विभिन्न घाटों की सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद नजर आए।










































