अंबेडकरनगर। 24 जून, 2026
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त किछौछा दरगाह की घनी आबादी वाले मुहल्ला नई बस्ती में किछौछा नगर पंचायत के द्वारा कराए जा रहे करीब 400 मीटर नाली निर्माण का कार्य लगभग 45 दिन बाद भी पूरा नहीं हो सका है। नई बस्ती में रह रहे जायरीनों और स्थानीय लोगों को तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खास बात यह है कि 400 मीटर नाली का काम तो पूरा हुआ नही और जगह-जगह नाली को काट देने से बीच सड़क पर नाली का गंदा पानी बह रहा है। बीच सड़क पर नालियों का कीचड़ बहने से जायरीन और आम राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नाली निर्माण का कार्य पूर्ण न होने के कारण नई बस्ती में बाहर से आने वाले चार पहिया समेत अन्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बाधित है। आधी-अधूरी नाली निर्माण से दरगाह नई बस्ती के दुकानदारों से लेकर गेस्ट हाउसों में रह रहे देश भर से आए हुए जायरीनों/तीर्थयात्रियों का बहुत ही बुरा हाल है। प्रसिद्ध तपोस्थली कमला पंडित मठ पर भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों का आवागमन होता है। नई बस्ती में आधी-अधूरी नाली निर्माण के कारण प्रसिद्ध तपोस्थली कमला पंडित मठ पर चार पहिया समेत अन्य वाहनों से जाने वाले जायरीनों का आवागमन ठप है। उधर, किछौछा नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक अभिषेक कुमार यादव ने बताया कि निकाय किछौछा का कार्यभार देख रहे जहांगीरगंज के ईओ को अवगत करा दिया गया है। समस्या जल्द हल कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।









































