अंबेडकरनगर। 08 अप्रैल, 2026
अभिषेक शर्मा राहुल
जिले के प्रतिष्ठित विद्यालय श्री हीरालाल जायसवाल इंटर कॉलेज किछौछा के नवनियुक्त प्रबंधक चंदन जायसवाल ने मंगलवार को समारोहपूर्वक अपना पदभार ग्रहण किया। विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य शर्तेंदु कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक समारोह का आयोजन कर शिक्षकों, विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारीयो समेत प्रबंध समिति के सदस्यों ने माल्यार्पण कर नवनियुक्त प्रबंधक का स्वागत किया।
छह मार्च को तत्कालीन प्रबंधक सर्वजीत लाल जायसवाल के निधन के बाद विद्यालय के उपप्रबंधक चंदन जायसवाल को प्रबंधक नियुक्त किया गया था। चंदन जायसवाल बीएससी, बीपीएड तक की शिक्षा प्राप्त कर विगत 10 वर्षों से विद्यालय में उप प्रबंधक के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे थे। प्रधानाचार्य शर्तेंदु कुमार गुप्ता नव नियुक्त प्रबंधक का स्वागत करते हुए कहा कि चंदन जायसवाल ने विद्यालय के उपप्रबंधक रहते हुए विद्यालय को निरंतर आगे ले जाने में अपनी महती भूमिका निभाई है।
1954 से अस्तित्व में आया यह इंटर कालेज
अंबेडकरनगर। 08 अप्रैल, 2026
जिले के किछौछा निवासी वासुदेव राम साव ने सन् 1954 में श्री हीरालाल जायसवाल इंटर कॉलेज की स्थापना की। आरंभ के दो वर्षों में यह हायर सेकेंडरी के रूप में चला। 1956 में इस विद्यालय को इंटरमीडिएट के रूप में मान्यता मिली। कला संकाय व विज्ञान संकाय के साथ तत्कालीन फैजाबाद जिले में यह विद्यालय एक अपनी अलग प्रतिष्ठा रखता था। विद्यालय अपनी स्थापना से अपने पठन-पाठन और अनुशासन के लिए मशहूर रहा। लोहिया संस्थान लखनऊ के पूर्व निदेशक डॉ. अनिल कुमार तिवारी, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में रेडियोलोजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार, पूर्व आईएएस अधिकारी स्व. सुरेंद्र कुमार वर्मा, स्वास्थ्य निदेशालय में निदेशक डा. राजेश कुमार, बसखारी के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य लोग इसी विद्यालय के मेधावी छात्र रहे हैं।











































