अंबेडकरनगर। 07 अप्रैल, 2026
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश व न्यायमूर्ति ( लखनऊ बेंच ) इरशाद अली ने शनिवार देर शाम को अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त किछौछा दरगाह में पहुंच कर सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ की जियारत की। इस मौके पर उन्होंने मजार मुबारक पर मखमली चादर चढ़ाई और अकीदत के फूल गुलाब व खुशबू के तौर पर इत्र वगैरह पेश किया।
जियारत के दौरान खानवादए अशरफिया के सै. खलीक अशरफ ने न्यायधीश व न्यायमूर्ति इरशाद अली के हक में तथा मुल्क में अमन व शांति के लिए दुआएं मांगी। यहां के परंपरा के अनुसार आए हुए अतिथि न्यायाधीश व न्यायमूर्ति के सिर पर दरगाह की चादर की पगड़ी बांध कर गर्मजोशी से उनका इस्तकबाल किया गया। वे करीब आधे घंटे तक यहां रुके हुए थे और दरगाह से जुड़े हुए लोगों से महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। हाईकोर्ट के न्यायाधीश और न्यायमूर्ति के आगमन के दौरान एसडीएम, सीओ सिटी नीतिश कुमार, बसखारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय, किछौछा चौकी इर्चाज कमलेश कुमार यादव समेत अन्य पुलिस व प्रशासनिक अहलकार सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए थे। उनके आगमन के दौरान सै. फैजान अहमद चांद, सै. खलीक अशरफ, सईद मुजाविर समेत अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।






































