लखनऊ । महिलाओं एवं युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), अलीगंज, लखनऊ में 11 सितंबर 2026 को विशाल रोजगार एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में Hero MotoCorp, Hindustan Unilever, SBI Life Insurance तथा Almas Exports & Imports Private Limited सहित चार प्रमुख कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
रोजगार मेले में कैंपस प्लेसमेंट के साथ-साथ वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से भी अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभिन्न शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यताओं वाली महिलाओं और युवतियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि रोजगार मेले का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने योग्य अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की।
Hero MotoCorp में 50 छात्राओं की होगी भर्ती
प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां के अनुसार Hero MotoCorp के हरिद्वार प्लांट में केवल छात्राओं के लिए कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किया जाएगा। कंपनी द्वारा कुल 50 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके लिए 10वीं पास तथा Fitter, Welder, Electrician, Machinist, Turner, Painter, COPA, Tractor Mechanic आदि ITI ट्रेड में NCVT/SCVT पासआउट वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 की छात्राएं और अपीयरिंग छात्राएं पात्र होंगी। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
चयनित अभ्यर्थियों को 26,450 रुपये CTC तथा लगभग 18,487 रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन मिलेगा। इसके अलावा कैंटीन, यूनिफॉर्म, ESI एवं मेडिकल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
Hindustan Unilever में 15 महिलाओं का चयन
Hindustan Unilever Limited के सुमेरपुर, हमीरपुर प्लांट में Trainee पद के लिए 15 महिलाओं का चयन किया जाएगा। इसके लिए 21 से 29 वर्ष की आयु की महिलाएं पात्र होंगी।
Electrician, Fitter, Machinist, Turner एवं Instrument Mechanic ट्रेड में ITI पासआउट अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 14,000 रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन दिया जाएगा।
SBI Life में Financial Consultant का अवसर
SBI Life Insurance की ओर से लखनऊ लोकेशन के लिए Financial Consultant (Advisor) पद पर वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। 18 से 30 वर्ष की 12वीं पास अथवा स्नातक महिलाएं इसमें शामिल हो सकती हैं।
कॉलिंग वर्क के अंतर्गत अभ्यर्थियों को 20,000 रुपये प्रतिमाह तक की आय (payout) का अवसर उपलब्ध होगा।
महिला Tailor के पदों पर भी भर्ती
Almas Exports & Imports Private Limited, जानकीपुरम विस्तार, लखनऊ में Female Tailor के पदों पर भर्ती की जाएगी। सिलाई-टेलरिंग में दक्ष महिलाएं और Fresher भी इसमें शामिल हो सकती हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 8,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
11 सितंबर को सुबह 10 बजे पहुंचे अभ्यर्थी
रोजगार मेले में शामिल होने वाली इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाणपत्र, पहचान संबंधी दस्तावेज, अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र तथा बायोडाटा साथ लाना होगा। सभी अभ्यर्थियों को 11 सितंबर 2026 को सुबह 10:00 बजे राजकीय ITI, अलीगंज, लखनऊ के विवेकानंद हॉल एवं परिसर में उपस्थित होना होगा।










































