अंबेडकरनगर। 30 मार्च, 2026
अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त किछौछा दरगाह में आगामी 9 अप्रैल से सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ का 640 वां सालाना दो दिवसीय गुस्ल मुबारक का आयोजन शुरू होगा। 10 अप्रैल को कार्यक्रम का समापन होगा। गुस्ल मुबारक के दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दरगाह में भारत के विभिन्न प्रांतों-शहरों से अकीदतमंदों/जायरीनों के आगमन का क्रम जारी है।
बताया गया कि 9 अप्रैल गुरुवार रात 10 बजे से दरगाह के आस्ताने पर गुस्ल मुबारक के मद्देनजर विशेष जलसा शुरू होगा। यह जलसा 10 अप्रैल यानी शुक्रवार तड़के तीन बजे तक चलेगा। जलसे के समापन के बाद भोर में करीब चार बजे सज्जादानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ व फखरुल मशायख सै. मोहामिद अशरफ “ शारिक मियां ” खानवादए अशरफिया के लोगों के साथ सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ के मजार मुबारक को 40 घड़ा गुलाब व केवड़ा जल से गुस्ल देंगे। गुस्ल के बाद गुस्ल मुबारक का पवित्र जल जायरीनों में बांटा जाएगा।






































