अंबेडकरनगर। 16 अप्रैल, 2026
अंबेडकर जयंती के मद्देनजर कस्बा बसखारी में बुधवार शाम को अंबेडकर जयंती का जुलूस निकाला गया। जय भीम चेतना समिति के बैनर तले बौद्ध मठ से यह जुलूस निकाला गया। जुलूस का काफिला बसखारी मुख्य चौक, पूर्वा चौराहा, ग्राम डोड़ो, मखदूम नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। देर शाम को इस जुलूस का समापन हो गया।
बौद्ध मठ से शाम पांच बजे ढोल-नगाड़ों के बीच अंबेडकर जयंती का जुलूस निकाला गया। जुलूस के आगे-आगे हाथी, घोड़े व ऊंट सवार लोग हाथों में संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर के अंकित चित्र वाले नीले-नीले झंडे लिए हुए चल रहे थे। जुलूस में टै्रक्टर ट्रालियों में पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम, अग्नि मिसाइल, डा. भीमराव अंबेडकर, पुस्तक भारत का संविधान समेत आकर्षक झांकियां भी शामिल थीं। डीजे के धुनों पर युवा और महिलाएं बाबा साहब अमर रहें, बाबा साहब जिंदाबाद के नारे लगाते हुए चल रही थीं। जुलूस में महिलाओं की संख्या भी बहुत अच्छी थी। अंबेडकर जयंती का जुलूस जलालपुर रोड, मुख्य पश्चिमी चौराहा, मुख्य बाजार, पूर्वी चौराहा, ग्राम डोड़ों के पास एनएच 233 बाईपास, मखदूमनगर समेत अन्य क्षेत्रों से होकर गुजरा। विधायक टांडा राममूर्ति वर्मा, सपा टांडा विस अध्यक्ष संदीप यादव, प्रधान संघ अध्यक्ष बसखारी राजमणि यादव, फैजान खान, पूर्व जिपं सदस्य राजमन भारती, तारावती, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी गुरुप्रसाद, सभासद क्रमशः निरंजन व विनोद कुमार, संजीव, सरंक्षक आले मुस्तफा “छोटे बाबू”, इंकलाबी शायर कुमैल अहमद समेत जय भीम चेतना समिति के तमाम लोग शामिल रहे। उधर, अंबेडकर जयंती के निकले जुलूस के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था में एसओ बसखारी सुनील कुमार पांडेय एसआई प्रेम बहादुर यादव, एसएसआई संतोष शुक्ला, एसआई मयंक सिंह समेत भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।










































