अंबेडकरनगर। 13 सितंबर, 2026
स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले बसखारी कस्बा गुरुवार को देशभक्ति के रंग में रंग गया। बसखारी कस्बे में महिला शिक्षा के लिए प्रसिद्ध शिक्षण संस्था मदरसा जामिया बीबी सुल्ता खातून की छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। मुख्य अतिथि उप्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने दोनों हाथों से तिरंगा लहरा कर तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
रैली का काफिला बसखारी के मुहल्ला शिकारी टोला, नूरी गली, मुख्य बाजार बसखारी, पश्चिमी चैराहा, जलालपुर रोड, मुहल्ला शिया टोला व मियां टोला समेत विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। तिरंगा यात्रा के अग्रिम पंक्ति में पूर्व डिप्टी सीएम व रास सांसद दिनेश शर्मा पूर्व जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व विधायक प्रत्याशी कपिल देव वर्मा, उप्र अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली, किछौछा चेयरमैन ओंकार गुप्ता, वीरेंद्र वर्मा समेत अन्य नेताओं के साथ चल रहे थे। करीब डेढ़ हजार की संख्या में उक्त मदरसा की पर्दानशीन छात्राएं हाथों में तिरंगा झंडा लिए हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए चल रही थीं। इसके पूर्व बसखारी कस्बे के मदरसा जामिया बीबी सुल्ता खातून में पहुंचने पर प्रबंधक पुत्र समाजसेवी सै. अजीज अशरफ “ अजीज मियां ” व सज्जादानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ, खलीक अशरफ, शायर कुमैल अहमद, अकील अशरफ, सै. जहांगीर गुड्डू समेत अन्य लोगों ने तिरंगा यात्रा के चीफ गेस्ट पूर्व डिप्टी सीएम व रास सांसद दिनेश वर्मा फूलों का गुल्दस्ता देकर गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।
पूर्व डिप्टी सीएम ने गंगा जमुनी तहजीब व राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
अंबेडकरनगर।
पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यह देश शहीद अशफाक उल्ला खां, वीर अब्दुल हमीद, डा. एपीजे अब्दुल कलाम का देश है। देश के लिए उनके तरफ से दिए गए बलिदानों और योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
श्री शर्मा मदरसा जामिया बीबी सुल्ता खातून में तिरंगा यात्रा के दौरान हुए स्वागत समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने मदरसे की पर्दानशीन छात्राओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश के पीएम नरेंद्र मोदी महिला शसक्तिकरण व महिलाओं को उनका हक देने के लिए वचनवद्ध हैं। पीएम सबका साथ और सबका विकास चाहते हैं। उन्होंने बल देकर कहा कि लखनऊ से जब मैं मेयर निर्वाचित हुआ तो वहां के 80 प्रतिशत मुस्लिमों ने उनको वोट दिया। कहा कि काम करने वाले लोगों के लिए उनका काम ही बोलता है। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि हम चाहते हैं कि मुस्लिम समाज के विद्यार्थीगण मदरसे की शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा भी ग्रहण करें। उन्होंने अपने संबोधन में कई बार भारत की गंगा जमुनी तहजीब व राष्ट्रीय एकता पर बल दिया। उन्होंने मदरसे की छात्राओं के साथ देश भक्ति गीत सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां भी गाया।








































