अंबेडकरनगर। 27 मई, 2026
अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त किछौछा दरगाह के सज्जादानशीन व आॅल इंडिया सुन्नी जमीयतुल ओलमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सै. मोइनुद्दीन अशरफ “ मोइन मियां ” ने ईदुल अजहा ( कुर्बानी ) पर्व के मद्देनजर देश भर के मुस्लिम समाज से के लोगों से जरूरी हिदायतों का पालन करने की अपील की है तथा विशेष सर्तकता बरतने की सलाह दी हैं।
सज्जादानशीन सै. मोइनुद्दीन अशरफ ने कहा कि कुर्बानी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि खुदा की रजा हासिल करने का एक जरिया है। इसलिए कुर्बानी करते समय विश्व बंधुत्व, इंसानी हमदर्दी के साथ-साथ साफ-सफाई का खास ख्याल रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खून के दाग वाले कपड़े पहन कर बाहर न निकला जाए। उन्होंने आखिरी पैगंबर साहब का हवाला देते हुए अपील की है कि साफ-सफाई रखना, पाक साफ रहना आधी ईमान की निशानी है। इसलिए गंदगी से बचा जाए।
उन्होंने बल देकर कहा कि कुर्बानी का कोई भी वीडियो सोशल मीडिया पर न डाला जाए। जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। धर्मगुरु मोइन मियां ने कहा कि कुर्बानी के बाद मवेशियों के अवशेष गड्ढे खोद कर दफन किए जाएं। जहां नगर पालिकाएं या नगर निगम हैं, वहां पर बढ़िया तरीके से पैक करके कचरा वाहनों में अवशेष रखें जाएं।




































