अंबेडकरनगर। 12 जून, 2026
पड़ोसी राज्य बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कैबिनेट मंत्री मो. जमा खान गुरुवार रात में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त किछौछा दरगाह में पहुंच कर सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ की जियारत की। इस मौके पर उन्होंने सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ के मजार मुबारक ( समाधि ) पर मखमली चादर चढ़ाई और अकीदत के फूल गुलाब व खुशबू के तौर पर इत्र वगैरह भी पेश किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने मुल्क की खुशहाली, अमन व शांति के लिए दुआएं मांगी।
जियारत करने के बाद सज्जदानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ ने आए हुए मेहमान अल्पसंख्यक कैबिनेट मंत्री मो. जमा खान के सिर पर दरगाह शरीफ की चादर की पगड़ी बांध कर गर्मजोशाी से उनका इस्तकबाल किया। हालांकि इस मौके पर खानवादए अशरफिया से जुड़े लोगों ने भी बिहार सरकार के इस कैबिनेट मंत्री के हक में दुआएं भी की। बिहार सरकार के यह मंत्री गुरुवार रात करीब 10 बजे यहां दर्शन के लिए आए हुए थे। इस दौरान उन्होंने सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ और किछौछा दरगाह के बारे में आवश्यक जानकारियां हासिल कीं। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कैबिनेट मंत्री के यहां दर्शन करने के समय इंतेजामिया कमेटी के प्रमुख सै. अजीज अशरफ, सै. खलीक अशरफ, डा. सै. सहाब अशरफ, सईद मुजाविर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

बिहार सरकार के इस कैबिनेट मंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतेजाम किए गए थे।







































