अंबेडकरनगर। 07 जून, 2026
अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त किछौछा दरगाह में शुक्रवार देर शाम को सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ की जियारत की। इस मौके पर उन्होंने सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ के मजार मुबारक ( समाधि ) पर मखमली चादर चढ़ाई और अकीदत के फूल गुलाब व खुशबू के तौर पर इत्र वगैरह भी पेश किया। आॅल इंडिया सुन्नी जमीयतुल ओलमा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सज्जदानशीन सै. मोइनुद्दीन अशरफ “ मोइन मियां ” ने आए हुए इस मेहमान व उनके प्रतिनिधिमंडल के हक में दुआएं मांगी।
जियारत के बाद सज्जादानशीन सै. मोइनुद्दीन अशरफ ने अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी व उनके साथ आए लोगों के सिर के पर दरगाह की चादर की पगड़ी बांध कर गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। वाई श्रेणी के सुरक्षा प्राप्त अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सिद्दीकी शाम 07.30 बजे से लेकर 08.20 बजे तक करीब 50 मिनट तक जियारत की और सज्जादानशीन सै. मोइनुद्दीन अशरफ की दुआ में वे शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ और किछौछा दरगाह के बारे में आवश्यक जानकारियां हासिल कीं। अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी के दर्शन के समय पीए ताज जहीर, मौलाना सै. जामी अशरफ, सुल्तान अशरफ, मोहम्मद अशरफ बड़े बाबू, आले मुस्तफा छोटे बाबू, लतीफ अंसारी, कारी साहब, हाफिज मकसूद, सै. आफताब अशरफ उर्फ गुड्डू मियां, जहांगीर अशरफ उर्फ गुड्डू मियां समेत अन्य लोग मौजूद रहे।










































