अंबेडकरनगर। 7 जुलाई, 2026
सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ की अंतरराष्ट्रीय दरगाह पर 9 जुलाई से शुरू होने जा रहे 640 वें सालाना उर्स मुबारक के लिए जिला मुख्यालय पर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के संचालन में मेला तैयारी बैठक हुई।
खास बात यह है कि उर्स मेला तैयारी बैठक के दौरान डीएम ईशा प्रिया ने किछौछा दरगाह के जामा मस्जिद निर्माण कार्य के मामले में नोटिस देने पर किछौछा नगर पंचायत के ईओ उमेश कुमार पासी को आड़े हाथों लिया। डीएम ने ईओ से पूछा कि आखिर कौन से एक्ट या जिओ के मुताबिक आपने नोटिस जारी किया है, आप मुझे जवाब दीजिए। इस पर ईओ ने कहा कि नोटिस देने के लिए मुझ पर दबाव था। ईओ माकूल जवाब नहीं दे पाए। डीएम ने ईओ को नसीहत देते हुए कहा कि आगे इस प्रकार की गलती मत करिएगा।
वही किछौछा दरगाह के आंतरिक कैंपस में जगह-जगह फैली गंदगी और पर्याप्त साफ-सफाई न होने पर दरगाह के जिम्मेदारों को भी डीएम ने आड़े हाथों लिया और खरी-खोटी भी सुनाई। डीएम ने कहा कि किछौछा दरगाह के यात्रियों के लिए बनाई गई रैन बसेरा की हालत को देखने से ऐसा लगता है यह पशु आश्रय स्थल से भी बदतर है। उन्होंने दरगाह की जिम्मेदारों को सख्त हिदायत दी की रैन बसेरा का प्लास्टर करा कर साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था सहित सारी सुविधाएं मुहैया करा कर अखबारों में भी छपवाएं।
बैठक के दौरान संम्रंात लोगों ने डीएम से मांग की है कि उर्स मेले के दौरान बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर रहे। लोगों ने उन्हें अवगत कराया कि सप्ताह भर चलने वाले उर्स मेले के दौरान कभी ऐसा न हो कि किसी फाल्ट के कारण पूरी रात दरगाह की बिजली गुल हो जाए। इसके लिए खास उपाय किए जाएं। डीएम ने मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने समेत बिजली की बेहतर व्यवस्था का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान किछौछा दरगाह टैक्सी स्टैंड में बाहर से आने वाले यात्री वाहनों के साथ निर्धारित दर से अधिक वसूली न करने की बात रखी गई। जगह-जगह रेट बोर्ड लगाने की बात कही गई। इस पर डीएम और एसपी ने ईओ किछौछा से कहा कि किछौछा टैक्सी स्टैंड के वसूली का रेट बोर्ड जगह-जगह लगवाएं।
डीएम ने अंदरुनी दरगाह कैंपस में दरगाह से जुड़े लोगों को बेहतर साफ सफाई रखने और दरगाह से बाहर यानी घनी आबादी में निकाय किछौछा के जिम्मेदारों को विशेष साफ-सफाई करने का निर्देश दिया। चूड़ी गली, नई बस्ती समेत दरगाह के अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा।
डीएम ने अजमेर दरगाह, देवां शरीफ दरगाह, हजरत निजामुद्दीन दरगाह समेत अन्य दरगाहों के मुकाबले किछौछा दरगाह में साफ-सफाई न होने व समुचित विकास न होने पर दरगाह से जुड़े लोगों के समक्ष आश्चर्य व्यक्त किया। बैठक में डीएम, एसपी, एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, एसडीएम टांडा डा. शशि शेखर, ईओ किछौछा उमेश कुमार पासी, एसडीओ विद्युत कुमार अनिकेत समेत कई विभागों के अहलकार मौजूद रहे।








































