अंबेडकरनगर। 27 अक्तूबर, 2026
जिले के बसखारी कस्बे में सोमवार की रात पूर्वांचल के ऐतिहासिक भरत मिलाप का आयोजन हुआ। इस दौरान निकली शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा करके स्वागत किया। महिलाओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम समेत अन्य विग्रहों की आरती उतारी। पूरे कस्बे में आस्था व श्रद्धा का माहौल बना रहा। इस मौके पर रामभक्तों का जोश, जुनून व उत्साह देखने लायक था। भरत मिलाप स्थल से लेकर पूरे बसखारी कस्बे को झालर वाली लाइट व दुधिया रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया था।
बसखारी कस्बे में जहांगीरगंज रोड गांधी आश्रम से रात्रि करीब 12 बजे भरत मिलाप के मद्देनजर शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा पूर्वी चैराहा, बसखारी मुख्य बाजार, पश्चिमम मुख्य चैक समेत विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए बसखारी ब्लाक के निकट पहुंची। शोभायात्रा में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवानश्रीराम, मां जानकी सीता, अनुज लक्ष्मण, भरत और भगवान शंकर, पवन पुत्र हनुमान समेत अन्य झांकियां शामिल थीं। इस दौरान कस्बे के लोगों ने पुष्प वर्षा करके शोभायात्रा का स्वागत किया। वहीं महिलाओं ने भगवान के विभिन्न विग्रहों की आरती उतारी। शोभायात्रा के काफिले में शामिल कलाकार ट्रैक्टर वाहनों के ट्रालियों में हैरत अंगेज करतब दिखाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में आगे-आगे झांकिया चल रही थीं, पीछे-पीछे सैकड़ो-हजारों रामभक्त भजन-कीर्तन करते हुए तथा जय श्रीराम के बुलंद नारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का काफिला मंगलवार भोर में करीब साढ़े चार बजे हनुमानगढ़ी के निकट पहुंचा। यहीं पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और भरत, शत्रुघ्न के बीच मिलाप हुआ।
भरत मिलाप के काफी मनमोहक दृश्य को देखकर लोग भाव विभोर हो गए। भरत मिलाप समेत विविध कार्यक्रमों के सफल आयोजन में रामलीला समिति बसखारी के अध्यक्ष राहुल गौड़, संयोजक रामकुमार गुप्त, संरक्षक सत्यम सिंघल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास मोदनवाल, सह महामंत्री गोपाल चंद्र स्वर्णकार, मक्खू वैद्य, राम प्रकाश त्रिपाठी समेत अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








































