अंबेडकरनगर। 27 नवंबर, 2026
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ से किछौछा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ओमकार गुप्ता को तगड़ा झटका लगा है। जनपद के एससी-एसटी न्यायालय के तरफ से सुनाए गए तीन साल की सजा पर रोक लगाने से हाईकोर्ट ने इंकार कर दिया है। उच्च न्यायालय से स्टे न मिलने पर पूर्व चेयरमैन ओंकार गुप्ता के राजनैतिक कॅरियर पर फिलहाल ग्रहण लगता हुआ दिखाई दे रहा है।
खास बात यह है कि 28 दिसंबर 2023 को किछौछा नगर पंचायत की बोर्ड की कार्यकारिणी बैठक में तत्कालीन चेयरमैन ओमकार गुप्ता ने दलित सभासद विनोद कुमार को मेज पर लिटा कर निर्मातापूर्वक पिटाई की थी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था। काफी बवाल मचने पर 31 दिसंबर 2023 को चेयरमैन ओंकार गुप्ता के खिलाफ बसखारी थाने में पीड़ित सभासद विनोद कुमार की तहरीर पर एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ था। हालांकि उक्त सभासद के खिलाफ भी क्रॉस एफआईआर दर्ज करायी गई थी। दलित सभासद विनोद कुमार की पिटाई के मामले से जुड़े मुकदमे में जनपद के एससी-एसटी कोर्ट में न्यायाधीश रामविलास सिंह ने पूर्व चेयरमैन को तीन साल की सजा का आदेश पारित किया था। निचली अदालत के इस फैसले के खिलाफ पूर्व चेयरमैन ओंकार गुप्ता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। ओंकार गुप्ता को यह उम्मीद थी कि हाईकोर्ट से उन्हें स्टे मिल जाएगा। लेकिन हाईकोर्ट से उन्हें कोई राहत नहीं मिली और तीन साल की सजा पर स्टे से कोर्ट ने इंकार कर दिया। उच्च न्यायालय में पूर्व चेयरमैन ओंकार गुप्ता जहां स्टे की मांग कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर प्रतिवादी पीड़ित दलित सभासद विनोद कुमार निचली अदालत ( एससी-एसटी कोर्ट ) की तीन साल की सजा को बढ़ाने की मांग कर रहे थे। दलित सभासद विनोद कुमार ने बताया कि पूर्व चेयरमैन को हाईकोर्ट से स्टे नहीं मिला है, यदि यह मामला सुप्रीम कोर्ट जाता है तो वे वहां भी विधिक लड़ाई के लिए तैयार हैं।










































