अंबेडकरनगर। 01 सितंबर, 2026
भारतीय थल सेना में सूबेदार मेजर ( रि. ) रहे बसखारी निवासी राम आधार मौर्य अब इस दुनिया में नहीं रहे। सोमवार को बसखारी स्थित आवास पर ही उनका निधन हो गया था। वह लगभग आठ वर्षों से बीमार चल रहे थे। सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई तथा महादेवा घाट पर मंगलवार शाम को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
भारतीय थल सेना में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देते हुए देश की सेवा की और सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्ति प्राप्त की थी। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद राम आधार मौर्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे और क्षेत्र के लोगों के बीच सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।
उनके अंतिम संस्कार के दौरान अयोध्या सेना कैंप से आए सूबेदार सचिन मोरे समेत भारतीय थल सेना के पांच जवानों ने दिवंगत सैनिक को सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी। इस दौरान सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दिए जाने से माहौल अत्यंत गमगीन रहा और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
अंतिम विदाई के मौके पर पर अंबेडकरनगर के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बी.के. शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत राम आधार मौर्य को श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंतिम विदाई के दौरान टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा, बसखारी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार सिंह, हरिश्चंद्र यादव, सैनिक कल्याण संगठन के जिलाध्यक्ष सूरज जोशी, जिला उपाध्यक्ष राम अवतार मौर्य, संगठन मंत्री संतराम मौर्य, जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में इलाकाई संभं्रात लोग, पूर्व सैनिक, शुभचिंतक एवं परिवार के लोग मौजूद रहे।










































