अंबेडकरनगर। 22 नवंबर, 2026
जिले के बसखारी कस्बे में मुलायम सिंह यादव की जयंती पर हुए कार्यक्रम में विधायक टांडा राममूर्ति वर्मा ने अपनी ताकत का एहसास कराया। कार्यक्रम बसखारी में था लेकिन पूरे टांडा विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों से करीब 2500 महिलाएं व लगभग 1500 पुरुष सपा कार्यकर्ता समेत करीब चार हजार की संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
पूर्वाहन् करीब 11 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम शाम चार बजे तक चला। बसखारी में बाइक रैली के माध्यम से सपा कार्यकर्ता पहुंचे। वहीं बसों और चार पहिया वाहनों के जरिए महिलाओं को लाया गया था। खास बात यह है कि मुलायम सिंह की जयंती पर पहुंची 2500 महिलाओं में से लगभग 1500 महिलाओं में उपहार के तौर पर कपड़े व अन्य खाद्य पदार्थ सामग्री का वितरण किया गया। टांडा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लगभग 50 किसान व बुजुर्ग लोगों को भी शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया। टांडा विधायक पिछले पांच वर्षों से विधायक हैं लंेकिन टांडा विस क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर पूर्व में जयंती कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ। जयंती समारोह कार्यक्रम के लिए विधायक राममूर्ति वर्मा बसखारी समेत पूरे टांडा विधानसभा में अपनी बड़ी-बड़ी होर्डिंग व बैनर लगवाए थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो राममूर्ति वर्मा ने विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा दिया है और अपनी चुनावी अभियान का आगाज़ कर दिया है।










































