नौशाद खां अशरफी
अम्बेडकरनगर। 05 मई, 2026
जिले के प्रतिष्ठित टांडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे स्व. अजीमुलहक पहलवान को उनकी 6वीं बरसी पर मंगलवार को हमेशा की तरह खूब याद किया गया। छठवीं बरसी पर विभिन्न प्रार्थना सभा स्थलों व अलग-अलग स्थानों पर कुरआन ख्वानी का आयोजन करके उन्हें खेराजे अकीदत ( श्रद्धांजलि ) पेश किया गया।
खास बात यह है कि अंबेडकरनगर जिले के टांडा तहसील के भूलेपुर गांव में 15 नवम्बर 1962 को जन्मे अजीमुल हक अंसारी उर्फ पहलवान समाजवादी पार्टी के लिए जमीनी राजनीति से जुड़े थे। वे सपा के साईकिल निशान पर चुनाव लड़े और विधायक बने। सूबे में सपा की सरकार रहते पहलवान अपनी भाषण और ईमानदारी और कार्य करने की शैली के लिए प्रदेश भर में उनकी खास शोहरत थी। वे कद्दावर कैबिनेट मंत्री अहमद हसन के अति करीबी और रिश्तेदार थे। विधायक पहलवान कोरोना काल में गम्भीर बीमारियों से जूझते हुए 05 मई 2020 को इस दुनिया को अलविदा कहा। उनके स्वर्गवास के कारण जुझारू व जमीनी स्तर के सपा कार्यकर्ताओं में काफी मायूसी और बेचैनी आज तक देखी जा रही है। क्योंकि सपा कार्यकर्ताओं का चाहे उत्पीड़न हो या शोषण, पहलवान बहुत ही मजबूती से कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते थे।
उधर, टांडा सीट से विधायक रहे अजीमुलहक पहलवान की छठवीं बरसी पर 05 मई अर्थात् मंगलवार को जिले के विभिन्न जगहों पर कुरआन ख्वानी का आयोजन कर उन्हें खेराज-ए-अकीदत पेश किया गया। पूर्व विधायक अजीमुलहक पहलवान की छठवीं बरसी पर हुए विविध कार्यक्रमों में उनके पुत्र मुसाब अजीम ने इलाकाई लोगो का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर मौलाना फसीउज्जमा, मौलाना सलाहुद्दीन, फिरोज अहमद सिद्दीकी, रईस अंसारी, मो. जाबिर, हाफिज शमसाद, मौलाना शाहिद, मो. अन्जर, तबरेज निजाम, अवसाफ, तबरेज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।









































