अंबेडकरनगर। 11 मई, 2023
जिले के किछौछा नगर पंचायत में एक चेयरमैन व 17 वार्ड सभासद पद के लिए गुरुवार को बहुत ही शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपादित हुआ। यहां 24,319 मतदाताओं में से करीब 63.87 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। हालांकि प्रशासन के तरफ से अभी मत प्रतिशत का आधिकारिक आंकड़ा आना बाकी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार सिन्हा ने किछौछा नगर पंचायत क्षेत्र में आ कर हो रहे मतदान का जायजा लिया। मतदान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
![](https://newsfloor.in/wp-content/uploads/2023/05/0-5.jpg)
करीब पांच हजार एक सौ लोग नहीं डाल पाए वोट
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में नई वोटरलिस्ट के अनुसार 17 वार्डों से 24 हजार 319 पंजीकृत मतदाता हैं। गुरुवार को निकाय चुनाव में नई मतदाता सूची के ही वोटरों ने ही अपना मत प्रकट किया। लेकिन लगभग 5100 मतदाता यहां वोट डालने से वंतिच रह गए। इन 5100 वोटरों का नाम नई मतदाता सूची से गायब है। जबकि पांच वर्ष पुरानी सूची में इन वोटरों का नाम शामिल था।
गुरुवार को निकाय चुनाव के मतदान के दौरान वार्ड संख्या 12 मखदूमनगर दरगाह के वोटर मतदान केंद्र हीरालाल जायसवाल इंटर कालेज के कई बूथों पर पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन समेत अन्य कागजात/दस्तावेज लेकर वोट डालने आए हुए थे। लेकिन नई मतदाता सूची से करीब 300 लोगों का नाम गायब था। इनमें अधिकाशं ऐसे वोटर थे, जो नगर पंचायत के 1984 में गठन के बाद लगातार वोट डाल रहे थे। मो.जकी ( 70 वर्ष ) पुत्र मो. खलील, खैरून्निशा ( 80 वर्ष ) पत्नी स्व. वकील शाह, फरीदा खातून पत्नी मो. रफिक, अमित कुमार पुत्र शिवपूजन, सारिका पत्नी मनीष कुमार, फरहत जहां पत्नी इरफान शाह, रूखसार, शाहिन, अतीक समेत अन्य वोटरों का कहना था कि वे प्रत्येक चुनाव में वोट डालते हुए आ रहे थे। लेकिन सूची में नाम न होने से मायूसी हाथ लगी। कमोवेश हर वार्ड में यही स्थिति देखने को मिली। यानी 17 वार्डों में औसतन 300 लोगों का नाम नई मतदाता सूची से गायब था।
क्या बोले अधिशासी अधिकारी :
ईओ किछौछा मनोज कुमार सिंह का कहना है कि अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशन के बाद आपत्तियां मांगी गई थी। छूटे हुए लोगों को अपनी आपत्ति दर्ज करानी चाहिए थी।
पिंक मतदान स्थल को दूल्हन की तरह सजाया, वोट डालने आए लोग लगे बाराती
नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के मद्देनजर नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के कन्या प्राथमिक पाठशाला बसखारी को पिंक मतदान स्थल के रूप में बनाया गया था। इस मतदान केंद्र में कई बूथों को बनाया गया था।
पिंक मतदान स्थल के रूप में सूचीबद्ध होने के कारण कन्या प्राथमिक पाठशाला बसखारी को दूल्हन की तरह सजाया गया था। मतदान स्थल पर सैकड़ों सफेद और गुलाबी रंग के गुब्बारे लगा कर सजावट के कार्य को अंजाम दिया गया था। ईओ किछौछा मनोज कुमार सिंह की अगुवाई में इस पिंक मतदान स्थल पर आवागमन करने वाले रास्तों पर रंगीन कालिन बिछाई गयी थी। मतदान स्थल का नजारा देखने पर लोगों को ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जैसे इस स्थान पर कोई बारात आने वाली हो। यहां वोट डालने आए मतदाताओं ने पिंक मतदान स्थल पर बेहतरीन सजावट के लिए अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार सिंह और उनकी निकाय कर्मियों की टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया है।
![](https://newsfloor.in/wp-content/uploads/2023/05/Pink-Matdata-Sthal-Baskhari.jpg)