अंबेडकरनगर। 12 अगस्त, 2026
किछौछा दरगाह के मुहल्ला केवटाहीं से सैकड़ों की संख्या में लोग कांवड यात्रा के लिए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के लिए रवाना हुए। उधर, ग्राम भिदूण से भी सैकड़ों की संख्या में लोग कांवड यात्रा पर रवाना हुए। इस दौरान बसखारी थाना पुलिस के तरफ से सुरक्षा के व्यापक इंतेजाम किए गए थे।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे मुहल्ला केवटाहीं से सैकड़ों की संख्या में लोग कावंड यात्रा रवाना हुए। दरगाह के मलंग गेट के पास स्थानीय लोगों ने बसखारी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह का माल्यार्पण कर व अंग वस्त्र ओढ़ा कर स्वागत किया। केवटाहीं से निकला जत्था दरगाह के मलंग गेट, सलामी गेट होते हुए किछौछा चुंगी तिराहे पर पहुंचा। लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा करके कांवड़ियों का स्वागत किया। उधर, पास के भिदूण ग्रामसभा से भी भारी संख्या में कांवड़ियों का जत्था दरगाह के सलामी गेट होते हुए किछौछा चुंगी तिराहा पहुंचा। चुंगी तिराहे से बसखारी होते हुए मुहल्ला केवटाहीं व ग्राम भिदूण का कांवड़ियों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ। कांवड़ यात्रा के दौरान क्षेत्र में गंगा जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द का संगम भी दिखा।











































