टांडा/अंबेडकरनगर। 30 जनवरी, 2026
जावेद सिद्दीकी अधिवक्ता/वरिष्ठ पत्रकार
अधिवक्ता का पेशा भले ही आजीविका का माध्यम माना जाता हो, लेकिन जब इसी पेशे के साथ समाज सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों का संगम हो जाए, तो वह व्यक्ति केवल वकील नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बन जाता है। टांडा के युवा अधिवक्ता अरविंद कुमार गौड़ ऐसे ही विरले व्यक्तित्व थे, जिनकी पहचान केवल एक कुशल अधिवक्ता के रूप में नहीं, बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों के सच्चे मददगार के रूप में थी।
किसी वादकारी के पास फीस हो या न हो, मामला छोटा हो या बड़ाकृअरविंद के लिए यह कभी मायने नहीं रखता था। न्याय की आस लेकर आने वाला हर व्यक्ति उन्हें अपना समझता था। वे निस्वार्थ भाव से लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनकी यही सादगी, मिलनसारिता और कर्मठता उन्हें अन्य अधिवक्ताओं से अलग पहचान देती थी।
टांडा नगर के मोहल्ला छज्जापुर निवासी अरविंद गौड़ के आकस्मिक निधन से पूरा अधिवक्ता समाज गहरे शोक में डूब गया है। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पूर्व वे अचानक अस्वस्थ हुए और अल्प समय में ही यह दुखद समाचार सभी को स्तब्ध कर गया। टांडा अधिवक्ता संघ के लिए यह अपूरणीय क्षति है।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष शेर बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जब अरविंद का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए तहसील गेट पहुँचा, तो वातावरण पूरी तरह शोकाकुल हो उठा। अधिवक्ता, वादकारी, टाइपिस्ट, मुंशी, स्टांप विक्रेताकृसैकड़ों लोगों ने नम आँखों से अपने प्रिय अरविंद को अंतिम विदाई दी।
महादेव घाट पर हुए अंतिम संस्कार में जनसैलाब उमड़ पड़ा। टांडा उपजिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर, ब्लॉक प्रमुख सुरजीत वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण थी कि अरविंद केवल एक अधिवक्ता नहीं, बल्कि सबके अपने थे।
उल्लेखनीय है कि अरविंद गौड़ टांडा अधिवक्ता संघ में संयुक्त मंत्री, पुस्तकालय अध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संघ को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा चुके थे। अधिवक्ता संघ के महामंत्री राजेश सिंह ने बताया कि सोमवार को संघ भवन में दिवंगत साथी अरविंद की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।







































